पिथौरा, 28 मई (आरएनएस)। महासमुंद जिले के पिथौरा स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में शराब में मिलावट का बड़ा मामला सामने आया है। आबकारी विभाग की टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान चार कर्मचारियों को अंग्रेजी शराब की बोतलों में पानी मिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम 25 मई को नियमित निरीक्षण के लिए अचानक पिथौरा की अंग्रेजी शराब दुकान पहुंची थी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने देखा कि दुकान के कर्मचारी मैकडॉवेल नंबर-1 शराब के पाव का सील खोलकर उसमें पानी मिला रहे थे। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों कर्मचारियों को मौके पर ही पकड़ लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब में मिलावट का यह खेल लंबे समय से चल रहा था। गिरफ्तार कर्मचारियों में उमेश मन्नाडे और करन सोनटके पिछले करीब दो वर्षों से दुकान में कार्यरत थे, जबकि नारायण निषाद और हेमंत पटेल पिछले सात से आठ महीने से यहां पदस्थ थे। लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत रहने के कारण कर्मचारियों के हौसले इतने बढ़ गए थे कि वे खुलेआम मिलावटी शराब बेच रहे थे।
आबकारी विभाग ने मौके से पानी मिलाई गई मैकडॉवेल नंबर-1 शराब की बोतलें भी जब्त की हैं। चारों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 38(क) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस मिलावटखोरी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

