रायपुर/बेमेतरा, 28 मई (आरएनएस)। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में इस बार एक खास पहल देखने को मिलेगी। बेमेतरा विधायक दीपेश साहू 31 मई को आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अपनी जीवनसंगिनी तरुणा साहू के साथ सात फेरे लेंगे। उनके साथ इस समारोह में अन्य 23 जोड़े भी विवाह बंधन में बंधेंगे।
आमतौर पर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जोड़ों का विवाह कराया जाता है, लेकिन विधायक दीपेश साहू का इस सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे सादगी और सामाजिक संदेश से जोड़कर देख रहे हैं।
बेमेतरा जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कई मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े समेत अन्य विशिष्ट अतिथि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
विधायक दीपेश साहू के सामूहिक विवाह में शामिल होने को लेकर क्षेत्र में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। वहीं जिला प्रशासन इस आयोजन को भव्य और ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुटा हुआ है।
0

