जशपुर 28 मई (आरएनएस) “जंगल के सुनसान रास्ते में गौवंशों को मारते-पीटते तेजी से हांका जा रहा था, तभी पुलिस ने घेराबंदी कर पूरा खेल बिगाड़ दिया”, जशपुर जिले में ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। सोन क्यारी चौकी पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम झरगांव छाता टांगर के जंगल में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक 27 मई 2026 को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जंगल के रास्ते 6 गौवंशों को मारते-पीटते पैदल हांककर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज भगत पिता अज्ञात उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम बछरांव थाना नारायणपुर जिला जशपुर बताया। पुलिस ने जब गौवंशों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी 6 गौवंश बरामद कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि गौवंश थाना सन्ना क्षेत्र के दो संदिग्ध व्यक्तियों के हैं और उन्हीं के कहने पर वह उन्हें लेकर जा रहा था। पुलिस ने दोनों संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश जारी है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोन क्यारी सहायक उप निरीक्षक वैभव कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक नरेंद्र यादव और विमल मिंज की अहम भूमिका रही। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने साफ कहा है कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी पर लगातार नजर बनाए हुए है और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल ऑपरेशन शंखनाद की इस कार्रवाई ने गौ तस्करों में हड़कंप मचा दिया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

