बिलासपुर, 28 मई (आरएनएस)। हाथों में तलवार और चापड़ लेकर सड़क पर खुलेआम घूम रहे बदमाशों को देखकर महिलाएं और बच्चे सहम गए, लेकिन कुछ ही देर में पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया, बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस को 27 मई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामायण चौक और पटवारी प्रशिक्षण केंद्र के पास दो युवक धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं और गाली-गलौज कर माहौल खराब कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद बाबू अंसारी उर्फ करीम पिता मोहम्मद मंसूर अंसारी उम्र 21 वर्ष निवासी चांटीडीह रामायण चौक सरकंडा और राजा ठाकुर पिता स्व. रामनिहोर उम्र 24 वर्ष निवासी सूर्या चौक चिंगराजपारा सरकंडा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार तलवार और एक चापड़ बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी हथियार लेकर लोगों को डराने और इलाके में दहशत फैलाने की बात सामने आई। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सरकंडा में धारा 25 और 27 आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सरकंडा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक विदेशीराम साहू, शैलेन्द्र सिंह, आरक्षक रंतिज खांडे, वीरेन्द्र साहू, विवेक राय और संजीव जांगड़े की अहम भूमिका रही। फिलहाल बिलासपुर पुलिस ने साफ कर दिया है कि शहर में अवैध हथियार लहराकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
०

