रायगढ़ 29 मई (आरएनएस) “झगड़ा, मारपीट और अड्डेबाजी की बढ़ती शिकायतों के बीच रायगढ़ पुलिस देर रात सड़कों पर उतर आई। पुलिस और सशस्त्र जवानों का फ्लैग मार्च देखते ही असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया और पूरे इलाके में सुरक्षा का सख्त संदेश पहुंच गया।” रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र में लगातार मिल रही झगड़ा-मारपीट और कानून व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 29 मई को बड़ा अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जूटमिल थाना पुलिस ने काशीराम चौक, गढ़उमरिया, जूटमिल मार्केट और अन्य संवेदनशील इलाकों में व्यापक फ्लैग मार्च एवं पैदल पेट्रोलिंग की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, जूटमिल पुलिस और 6वीं बटालियन के सशस्त्र जवानों की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। वहीं युवकों को थाना बुलाकर आपसी विवाद, मारपीट, स्टंटबाजी, अड्डेबाजी और अनावश्यक समूहबाजी से दूर रहने की समझाइश दी गई। फ्लैग मार्च के दौरान ओडिशा हाईवे, काशीराम चौक और युवकों के जमावड़े वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों को भी थाने लाकर कार्रवाई की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध, बदमाश या असामाजिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्ति दिखाई दे तो तत्काल सूचना दें। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ संदेश दिया कि जिले में गुंडागर्दी, मारपीट, अड्डेबाजी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बहरहाल, रायगढ़ पुलिस का यह फ्लैग मार्च सिर्फ गश्त नहीं बल्कि अपराधियों के लिए खुली चेतावनी और आम लोगों के लिए भरोसे का संदेश बनकर सामने आया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

