जशपुर 29 मई (आरएनएस) प्रेम प्रसंग की आग में सुलग रहे विवाद ने जशपुर जिले में ऐसा खौफनाक मोड़ लिया कि एक युवक को बीच गांव में बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला गया और उसके सिर को पत्थर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया। सनसनीखेज वारदात पत्थलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जाम जूनवानी खारापारा की है, जहां 27 मई की रात सुशील खलखो उम्र 34 वर्ष निवासी जाम जूनवानी की हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल पर सुशील खलखो मृत मिला। पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने जानकी लकड़ा उम्र 35 वर्ष की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच में सामने आया कि मृतक सुशील खलखो और आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के बीच पिछले तीन-चार वर्षों से प्रेम संबंध थे। इसी विवाद को लेकर पहले भी मामला थाने तक पहुंच चुका था और सुशील जेल भी गया था। जमानत पर छूटने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क जारी रहा। सामाजिक बैठक के बाद आरोपी की पत्नी सुशील के साथ रहने लगी थी, जिससे आरोपियों में लगातार नाराजगी बनी हुई थी। घटना की रात करीब 11 बजे ग्रामीणों ने देखा कि जयलाल एक्का पिता अज्ञात उम्र 34 वर्ष, जयमन एक्का उम्र 36 वर्ष दोनों निवासी ग्राम जाम जूनवानी तथा एक 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत किशोर मिलकर सुशील खलखो की पिटाई कर रहे थे। आरोपियों ने उसका सिर जमीन पर पटकने के बाद पास में पड़े पत्थर से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है जबकि विधि से संघर्षरत किशोर को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। बहरहाल, यह मामला बताता है कि रिश्तों की उलझन जब हिंसा में बदलती है तो उसका अंजाम अक्सर एक जिंदगी की कीमत पर खत्म होता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

