हरिद्वार 29 मई (आरएनएस)। थाना पथरी क्षेत्र के नसीरपुर कलां गांव में हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमे दर्ज कराए हैं। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर कुल 14 लोगों के खिलाफ क्रॉस मुकदमे दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गांव निवासी मुस्तफा ने फेरूपुर चौकी में दी गई तहरीर में बताया कि 25 मई की शाम करीब सात बजे वह अपने घर पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान प्रधान पति साजिद अली उर्फ साजिद अंसारी, मुन्सब, नसीरुद्दीन, मोहब्बत, तसलीम टेलर और सलीम उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में मौजूद महिलाओं और बच्ची के साथ अभद्रता की तथा विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर दी। मुस्तफा का आरोप है कि हमले में उसके पैर में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरे पक्ष से ग्राम प्रधान पति साजिद अली ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि वह 25 मई की शाम करीब छह बजे गांव में चल रहे नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते जावेद, आलीम, वहाब, मुर्तजा, अमजद और मुस्तफा ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। पथरी थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीरों पर क्रॉस मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। घटनास्थल, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

