हरिद्वार 29 मई (आरएनएस)। हरिद्वार जिले में संचालित मदरसों में बड़ी खामियां सामने आई हैं। अवैध रूप से चल रहे चल रहे 131 मदरसों की जांच के बाद छात्रों की संख्या में भारी गिरावट देखी जा रही है। यहां तमाम मदरसों में पढऩे वाले करीब 12 हजार छात्र कम हो गए हैं। अब 31 हजार में से 19 हजार बच्चे मदरसों में पढ़ रहे हैं। छात्रों की संख्या में आई गिरावट के बाद शुक्रवार को डीएम ने जांच के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में चार सदस्यों की कमेटी बनाई है। कमेटी में एसडीएम के अलावा जिला शिक्षा अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को शामिल किया है। हाल ही में डीएम के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने लक्सर तहसील क्षेत्र में मदरसों की जांच की थी। जनपद में संचालित 131 मदरसों में से 23 मदरसों में अनियमितता मिलने पर उनके मिड डे मील और अन्य फंड पर रोक लगा दी गई थी। पूर्व में 10 मदरसा संचालकों ने अपने मदरसे बंद करने का आवेदन भी शिक्षा विभाग में दिया क्योंकि इन मदरसों में छात्रों की संख्या बेहद कम थी और मिड डे मील का पूरा भुगतान लिया जा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही इन सभी मदरसों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही आशंका है कि अचानक घटे 12 हजार छात्र इन्हीं मदरसों में से भी हो सकते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक अमित कुमार चंद का कहना है कि सत्र बदलने पर हर साल छात्रों की संख्या में गिरावट देखी जाती है, जो जुलाई में जाकर सामान्य होती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

