हरिद्वार 29 मई (आरएनएस)। पीली पड़ाव ग्राम पंचायत में प्रस्तावित बंदोबस्त प्रक्रिया के विरोध में किसानों का आंदोलन अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। पिछले 14 दिनों से लगातार धरने पर बैठे किसानों ने शुक्रवार को आंदोलन को और तेज करते हुए आमरण अनशन शुरू कर दिया। किसानों की ओर से राहुल सिंह खड़वाल आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर स्पष्ट निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। धरना स्थल पर मौजूद किसानों का कहना है कि वह पिछले दो सप्ताह से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
किसानों ने आरोप लगाया कि उनकी आपत्तियों और मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि प्रशासन बंदोबस्त प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी में जुटा हुआ है। किसानों का कहना है कि गांव में पहले ही चकबंदी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जमीनों की सीमाएं भी तय हैं। इसके बावजूद दोबारा बंदोबस्त प्रक्रिया शुरू करने का ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं। किसानों का दावा है कि गांव का कोई भी किसान इस प्रक्रिया के पक्ष में नहीं है। आंदोलन कर रहे किसानों ने बताया कि धरना शुरू होने के बाद केवल एक बार प्रशासनिक अधिकारी वार्ता के लिए पहुंचे थे, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। किसानों ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांव के हितों से जुड़ा यह मामला है और किसान पीछे हटने वाले नहीं हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

