हरिद्वार 29 मई (आरएनएस)। धर्मनगरी हरिद्वार शुक्रवार को भीषण जाम की गिरफ्त में रही। हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई, जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से शुरू हुआ वाहनों का दबाव दोपहर तक विकराल जाम में तब्दील हो गया और देर शाम तक लोग सड़कों पर रेंगते वाहनों में फंसे रहे। सबसे ज्यादा हालात हरकी पैड़ी, सिंहद्वार, ऋषिकुल, शंकराचार्य चौक, ज्वालापुर, प्रेमनगर आश्रम और भीमगोड़ा क्षेत्र में बिगड़े रहे। इन इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और ट्रैफिक रेंगता नजर आया। हाईवे के साथ-साथ सर्विस लेन और शहर की अंदरूनी सड़कें भी वाहनों के भारी दबाव से जाम हो गईं, जिससे पूरे शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। जाम से बचने के लिए दोपहिया वाहन चालक गलियों और वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेते दिखाई दिए, लेकिन वहां भी स्थिति सामान्य नहीं रही। छोटे रास्तों पर भी वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। तेज गर्मी और उमस के बीच घंटों जाम में फंसे रहने से यात्रियों का हाल बेहाल हो गया। कई वाहन चालक और यात्री सड़क किनारे पानी और छांव की तलाश करते नजर आए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

