हरिद्वार 29 मई (आरएनएस)। रोडवेज परिचालकों और ऑटो रिक्शा चालकों के बीच मारपीट और लाठी डंडे चलने से शुक्रवार को बस स्टैंड पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। घायल परिचालकों को मेला अस्पताल में भर्ती किया गया जहां दोनों के सर में टांके लगाए गए। गुस्साए रोडवेज कर्मचारियों ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। हरिद्वार डिपो के घायल परिचालक अमन और देवेंद्र ने बताया कि सुबह लगभग सात बजे निकासी गेट के साथ ही बनी हुए अस्थाई दुकान के मटकों से पानी पीने लगे तभी दुकानदार और ऑटो चालकों ने पानी पीने से रोका।
विरोध करने पर कुछ ऑटो चालकों ने गाली गलौच और मारपीट शुरू कर दी। ऑटो चालकों ने लाठी डंडों से सर पर वार किया जिससे सर में चोट आई। रोडवेज कर्मचारियों ने बीच बचाव कर मामला शांत करवाया और दोनों परिचालकों को अस्पताल पहुंचाया। रोडवेज कर्मचारियों का आरोप है कि बस स्टैंड के गेट के साथ ही ऑटो चालकों द्वारा अतिक्रमण कर अस्थाई दुकान लगाई गई है। नीचे सरकारी नल भी लगा हुआ है जिस पर दुकानदार ने अवैध कब्जा किया हुआ है। पूर्व में उक्त नल से ही यात्री और रोडवेज कर्मचारी पानी पीते थे। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अतिक्रमण और अवैध कब्जा हटवाना चाहिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

