हरिद्वार 29 मई (आरएनएस)। कुंभ मेला अधिकारी सहित जिलाधिकारी और सिंचाई विभाग से महानगर व्यापार मंडल ने शुक्रवार को शहर के सभी घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि सप्तसरोवर घाट से सर्वानंद घाट तक और शहर के अन्य घाटों पर डूबकर मरने वाले लोगों की संख्या गहन चिंता का विषय है। कुंभ मेले और आगामी कावड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा कैसे होगी यह बड़ा प्रश्न है व्यापारियों का आरोप है कि घाटों का रख रखाव करने वाले लोग भी अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने अग्रसेन घाट पर एक युवक के डूबने से हुई मौत पर चिंता जताते हुए लगातार ऐसी घटनाओं के सामने आने पर श्रद्धालु सहित स्थानीय जनता की सुरक्षा के लिए इन सभी घाटों पर समुचित व्यवस्थाएं करने की मांग की।सेठी ने कहा कि लगातार हरिद्वार के गंगा घाटों जिसमें विशेषकर उतरी हरिद्वार सप्तसरोवर क्षेत्र के गंगा घाट पर डूबने से होने वाली मौतों का आंकड़ा गहन चिंता का विषय है जिस पर प्रशाशन को सख्त कदम उठाते हुए सुरक्षात्मक सभी घाटों पर रेलिंग चेन सीढिय़ों की मरम्मत सहित गहरे पानी से सावधानी के बोर्ड लगाने अनिवार्य करने चाहिए जिसके लिए इन घाटों की व्यवस्था संभाल रहे उनकी देख रेख रख रखाव की जि़म्मेदारी संभाल रहे लोगों की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित करनी चाहिए जिससे ऐसी दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके। मांग करने वालो में मुख्य रूप से जनार्दन पांडे, लाल जी यादव, राजेश पांडे, आशीष अग्रवाल, राकेश सिंह, एस एन तिवारी, उमाशंकर सिंह, हरिमोहन भारद्वाज, प्रवीण शर्मा, राहुल अरोड़ा,अमित सिंह, देवेंद्र अरोड़ा,अनिल शर्मा, सचिन अग्रवाल, सोनू चौधरी रहे शामिल।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

