0 भागते समय बाइक और मोबाइल छोड़कर फरार हुआ आरोपी, नवागढ़ पुलिस ने किया गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 29 मई (आरएनएस) । थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम अमोदा में देर रात चोरी की नीयत से घर में घुसे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी भागने के दौरान अपनी मोटरसाइकिल, मोबाइल समेत कई सामान मौके पर छोड़ गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे दबोच लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना 28 मई की रात करीब डेढ़ बजे की है। ग्राम हरदी निवासी शत्रुघ्न करियरे अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक चोरी की नीयत से घर में घुसा और पहचान छिपाने के लिए घर के बाहर और अंदर लगे जलते बल्ब निकालकर फेंक दिए।
आवाज सुनाई देने पर शत्रुघ्न करियरे जाग गए और आरोपी को पकडऩे की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने उन्हें धक्का दिया और मौके से भाग निकला। हालांकि जल्दबाजी में आरोपी अपने दो मोबाइल फोन, गमछा, चप्पल और मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छोड़ गया।
घटना की सूचना मिलने पर थाना नवागढ़ पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मिले सामान और पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान सुनील कश्यप (35 वर्ष) निवासी हरदीहरि थाना नवागढ़ के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपी ने चोरी की नीयत से घर में घुसने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय और थाना नवागढ़ स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

