महासमुंद 29 मई (आरएनएस) “छोटी-छोटी गांजे की पुड़ियों से इलाके में नशे का जाल बिछाने की तैयारी कर रहा एक लोकल ड्रग्स पेडलर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। महासमुंद पुलिस ने सरायपाली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.190 किलो गांजा, बाइक और मोबाइल सहित 1.55 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।” जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 28 मई को थाना सरायपाली पुलिस उमरिया मोड़ के पास वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद सफेद बोरी से 5.190 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा खरीदकर उसकी छोटी-छोटी पुड़ियां बनाकर स्थानीय ग्राहकों को बेचता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ब्रह्मानंद पटेल पिता रामकुमार पटेल, उम्र 45 वर्ष, निवासी मेढ़ापाली, थाना सरायपाली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजे के अलावा एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल कीमत 50 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन कीमत 5 हजार रुपये भी जब्त किया है। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 1 लाख 55 हजार रुपये आंकी गई है।
महासमुंद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सरायपाली में अपराध क्रमांक 182/26 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब गांजा सप्लाई करने वाले सोर्स पॉइंट और सप्लायर की तलाश की जा रही है। पुलिस इंड-टू-इंड इन्वेस्टिगेशन के जरिए पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
गौरतलब है कि महासमुंद पुलिस ने पिछले चार महीनों में 97 प्रकरणों में 6441.861 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत 32 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। जनवरी से अब तक गांजा तस्करी और बिक्री के मामलों में 242 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। बहरहाल, पुलिस की यह कार्रवाई साफ संकेत है कि नशे का कारोबार करने वालों के लिए अब जिले में बच निकलना आसान नहीं होगा।

