बिलासपुर, 30 मई (आरएनएस)। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत करगीकला में एक खड़ी पिकअप वाहन को अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाने का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। आगजनी की पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन घर के बाहर खड़ा था। देर रात एक अज्ञात व्यक्ति मौके पर पहुंचा और वाहन में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वाहन को भारी नुकसान पहुंचा। घटना की जानकारी मिलने पर पीडि़त ने कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। फुटेज में संदिग्ध की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं, जिससे जल्द ही आरोपी तक पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आग लगाने के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
बंछोर
०००

