दुर्ग, 30 मई (आरएनएस)। उतई थाना क्षेत्र के अंतर्गत करगाडीह में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक सूने मकान में भीषण आग लगने से वहां रखा सामान और कुछ वाहन जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाकर बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 मई की रात्रि लगभग 2:30 बजे करगाडीह स्थित यशवंत यादव के मकान में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही एक दमकल वाहन और अग्निशमन दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि मकान से आग की ऊंची-ऊंची लपटें निकल रही थीं और आग तेजी से फैल रही थी। दल ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद आग पर सफलतापूर्वक नियंत्रण पा लिया गया तथा उसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक दिया गया। बताया गया है कि जिस मकान में आग लगी थी, वहां कोई व्यक्ति निवास नहीं करता था। मकान में रखा घरेलू सामान और कुछ वाहन आग की चपेट में आकर पूरी तरह नष्ट हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में अग्निशमन दल प्रभारी भगवती बंजारे तथा अग्निशमन कर्मचारी शैलेंद्र देशमुख, कुलेश्वर, नितिन रामटेके, कुंजेश देशमुख, धनाऊ और उमाशंकर ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य को अंजाम दिया। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टीम की तत्परता और समय पर की गई कार्रवाई के कारण आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई। मौके पर किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।
बंछोर
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

