रायपुर 30 मई (आरएनएस) सदियों बाद भी सुशासन, सेवा और सनातन मूल्यों की मिसाल बनी देवी अहिल्या बाई होल्कर को राजधानी रायपुर में श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किया जाएगा। महान शिव भक्तिनी और कुशल प्रशासिका देवी अहिल्या बाई होल्कर की जयंती के अवसर पर 31 मई 2026 रविवार को सुबह 11 बजे कैनाल लिंकिंग रोड, राजातालाब के समीप लोटस अस्पताल के सामने स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर विशेष पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में देवी अहिल्या बाई होल्कर के योगदान, उनके आदर्श शासन, जनकल्याणकारी कार्यों और भारतीय संस्कृति के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे। आयोजन को गरिमामय और आकर्षक बनाने के लिए प्रतिमा स्थल की विशेष साफ-सफाई, पुष्प सज्जा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं रायपुर नगर पालिक निगम के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में तथा निगम के जोन क्रमांक-4 के सहयोग से की जाएंगी। आयोजन स्थल को श्रद्धालुओं और नागरिकों के स्वागत के लिए व्यवस्थित रूप से सजाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग पहुंचकर देवी अहिल्या बाई होल्कर को नमन कर सकें। यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं बल्कि नई पीढ़ी को सुशासन, सेवा, धर्म और समाज कल्याण के उन आदर्शों से जोड़ने का प्रयास भी होगा जिन्हें देवी अहिल्या बाई होल्कर ने अपने जीवन में स्थापित किया था। बहरहाल, इतिहास में अमिट छाप छोड़ने वाली इस महान विभूति को याद करने का यह अवसर समाज को उनके आदर्शों पर चलने और जनसेवा को सर्वोच्च मानने का संदेश देगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

