अल्मोड़ा,30 मई(आरएनएस)। चौखुटिया क्षेत्र में पुलिस ने चाय की दुकान में अवैध रूप से शराब बेचने और पिलाने के आरोप में एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से अंग्रेजी शराब और अन्य सामग्री बरामद की गई है। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम कैनीखोला क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान कैनीखोला निवासी 49 वर्षीय गोपाल सिंह पुत्र अनोप सिंह अपनी चाय की दुकान में अवैध रूप से शराब बेचते और लोगों को पिलाते हुए पाया गया। पुलिस ने मौके से तीन हॉफ, दो क्वार्टर सीलबंद अंग्रेजी शराब, एक खुली शराब की बोतल तथा दो स्टील के गिलास बरामद किए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कोतवाली चौखुटिया में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशे के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है और अवैध शराब तथा मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

