बलौदाबाजार 31 मई (आरएनएस) सिर्फ तीन घंटे की सघन चेकिंग में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों पर शिकंजा कसा कि यातायात नियमों को हल्के में लेने वालों के होश उड़ गए। जिलेभर में चले विशेष अभियान में 227 वाहन चालकों पर कार्रवाई करते हुए 91,400 रुपये का समन शुल्क वसूला गया, जबकि शराब पीकर वाहन चला रहे तीन चालकों के वाहन भी जब्त कर लिए गए।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 30 मई 2026 को शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक जिले के सभी थाना, चौकी और यातायात शाखा क्षेत्रों में विशेष वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, आवश्यक दस्तावेज साथ नहीं रखने, गलत दिशा में वाहन चलाने, शराब सेवन कर वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों की सघन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने 227 वाहन चालकों को मोटरयान अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के तहत नियमों का उल्लंघन करते पाया। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 91,400 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया। वहीं तीन वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए, जिनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके वाहन विधिवत जब्त किए गए।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें। गौरतलब है कि सड़क पर एक छोटी लापरवाही जिंदगीभर का पछतावा बन सकती है। बहरहाल, “सुरक्षित यातायात, सुरक्षित जीवन” के उद्देश्य से पुलिस की यह सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

