रायपुर 31 मई (आरएनएस) सड़कों पर दौड़ रहे हजारों ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के लिए बड़ा अलर्ट जारी हुआ है। पंजीयन की अंतिम तारीख अब बेहद करीब है और 5 जून के बाद बिना रजिस्ट्रेशन वाहन चलाना भारी पड़ सकता है। यातायात पुलिस ने साफ कर दिया है कि समय सीमा खत्म होते ही व्यापक कार्रवाई शुरू की जाएगी।
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने के लिए 20 मई से ई-रिक्शा एवं ऑटो पंजीयन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत यातायात पुलिस और जनहित फाउंडेशन द्वारा विशेष पंजीयन लिंक एवं क्यूआर कोड जारी किया गया है, जिसके माध्यम से चालक अपने वाहन और व्यक्तिगत जानकारी ऑनलाइन दर्ज करा सकते हैं। पंजीयन प्रक्रिया में चालक का नाम, पता, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन की आरसी संबंधी जानकारी अपलोड की जा रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार अब तक 6228 ई-रिक्शा और ऑटो चालकों ने अपना पंजीयन करा लिया है, जबकि शहर में लगभग 20 हजार वाहन संचालित हो रहे हैं। यानी बड़ी संख्या में वाहन अभी भी पंजीयन प्रक्रिया से बाहर हैं। इसी को देखते हुए रेलवे स्टेशन, भाठागांव बस स्टैंड, कलेक्ट्रेट परिसर और सभी यातायात थानों में विशेष व्यवस्था की गई है, जहां अधिकारी पंजीयन कार्य के लिए तैनात रहेंगे।
यातायात एसीपी सतीष ठाकुर ने बताया कि पंजीयन होने से वाहन और चालक का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा, जिससे कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यात्रियों के खोए सामान की पतासाजी में मदद मिलेगी। यह अभियान 5 जून की रात 8 बजे तक चलेगा।
बहरहाल, रायपुर यातायात पुलिस की चेतावनी साफ है—5 जून के बाद बिना पंजीयन ई-रिक्शा या ऑटो सड़क पर मिला तो मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई तय है। इसलिए परेशानी से बचने के लिए समय रहते पंजीयन कराना ही समझदारी होगी।


