बलौदाबाजार 31 मई (आरएनएस) सिर्फ अपराधियों को चेतावनी ही नहीं, बल्कि गांव की महिलाओं को सुरक्षा की कमान सौंपने की तैयारी भी शुरू हो गई है। पलारी के ग्राम संकरी (प) में पुलिस की एक अनूठी पहल ने साइबर ठगी, महिला सुरक्षा और नशे के खिलाफ जनजागरण की ऐसी अलख जगाई, जिसने पूरे गांव को एक नई जिम्मेदारी के लिए तैयार कर दिया।
बलौदाबाजार जिले के थाना पलारी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम संकरी (प) में रविवार 31 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सरपंच, उपसरपंच, पंचगण, प्रबुद्ध नागरिक, माताएं-बहनें और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य गांव को अपराध मुक्त, सुरक्षित और जागरूक बनाना था। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों के तौर-तरीकों से अवगत कराया और बताया कि लॉटरी फ्रॉड, बैंकिंग ठगी, ओटीपी धोखाधड़ी तथा फर्जी लिंक के झांसे से कैसे बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई। महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों की जानकारी देते हुए उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए नशा मुक्ति का संदेश भी दिया गया।
इस आयोजन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू गांव में “महिला कमांडो” टीम के गठन की पहल रही। पुलिस ने ग्रामीणों को जल्द सक्रिय महिला कमांडो तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी, जो गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करेंगी। बहरहाल, यह पहल केवल सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा नहीं बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक बड़ा कदम मानी जा रही है। गौरतलब है कि जब पुलिस और जनता एक साथ खड़े होते हैं, तब अपराध नहीं बल्कि विश्वास और सुरक्षा का माहौल जन्म लेता है।

