राजनांदगांव 31 मई (आरएनएस) अवैध शराब के कारोबारियों पर लालबाग पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। तीन दिन पहले बड़ी कार्रवाई के बाद अब एक और शराब कोचिया पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जिसके कब्जे से शराब, बिक्री की रकम और स्कूटी समेत 73 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति बरामद की गई।
राजनांदगांव जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लालबाग पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बिक्री कर रहे आरोपी दीपचंद साहू को गिरफ्तार किया। आरोपी दीपचंद साहू, पिता किशन लाल साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम कोटरासरार, थाना लालबाग, जिला राजनांदगांव को आदिवासी समाज भवन रेवाडीह के पास से पकड़ा गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अवैध रूप से शराब का भंडारण और बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर गठित टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी के कब्जे से 31 पौवा देशी प्लेन शोले तथा महाराष्ट्र निर्मित 12 पौवा देशी दारू संत्री सहित कुल 43 पौवा शराब बरामद की। जब्त शराब की मात्रा 7.740 बल्क लीटर और कीमत 3,440 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 150 रुपये की बिक्री रकम और एक स्कूटी वाहन सहित कुल 73,580 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। उल्लेखनीय है कि आरोपी के विरुद्ध थाना लालबाग में पूर्व से भी प्रकरण दर्ज हैं। गौरतलब है कि तीन दिन पहले भी पुलिस ने दो आरोपियों से 29 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की थी। बहरहाल, लालबाग पुलिस का साफ संदेश है कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के लिए अब जिले में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।

