रायगढ़ 31 मई (आरएनएस) अपराध से लड़ने वाले जवानों की सेहत पर बड़ा फोकस। रायगढ़ पुलिस और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने ऐसा मेगा हेल्थ कैंप लगाया, जहां करीब 400 पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण हुआ और कई छिपी बीमारियों का समय रहते पता चला।
रायगढ़ पुलिस और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को उर्दना स्थित पुलिस लाइन में विशाल मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मिश्रा, आईएमए अध्यक्ष डॉ. प्रभात पटेल और अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों की मौजूदगी में शुरू हुए इस शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था।
शिविर में लगभग 400 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने हिस्सा लिया। मेडिसिन, सर्जरी, ईएनटी, नेत्र, त्वचा, अस्थि रोग, किडनी, दंत, बाल रोग, मनोरोग और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों ने नि:शुल्क परामर्श दिया। जरूरतमंदों को दवाइयां भी वितरित की गईं। इसके साथ ही ब्लड टेस्ट, एक्स-रे, सोनोग्राफी, ईसीजी और ईको जैसी महत्वपूर्ण जांचें भी नि:शुल्क की गईं।
महिलाओं के स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता देते हुए सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर जांच के लिए मोबाइल कैंसर केयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई गई। 30 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं की विशेष जांच की गई। शिविर के दौरान कई ऐसे पुलिसकर्मी भी सामने आए जिन्हें यह जानकारी नहीं थी कि वे उच्च रक्तचाप और ब्लड शुगर जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि स्वस्थ जवान ही अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन कर सकता है। बहरहाल, यह आयोजन केवल स्वास्थ्य शिविर नहीं बल्कि पुलिस परिवारों की सुरक्षा और बेहतर जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

