नारायणपुर,31 मई (आरएनएस)। कभी नक्सल प्रभाव और प्रशासनिक चुनौतियों के लिए पहचाना जाने वाला अबुझमाड़ अब विकास, सुरक्षा और जनविश्वास की नई कहानी लिख रहा है। इसी बदलाव की मजबूत तस्वीर रविवार को तब सामने आई जब कोहकामेटा में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नए थाना भवन का लोकार्पण किया गया।नारायणपुर जिले के अबुझमाड़ क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ गई है। छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री केदार कश्यप ने नवीन थाना कोहकामेटा भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।कोहकामेटा थाना का इतिहास चार दशक से अधिक पुराना है। वर्ष 1980 में यहां पुलिस चौकी की स्थापना की गई थी और वर्ष 1984 में इसे पूर्ण थाना का दर्जा मिला। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और बढ़ते नक्सली प्रभाव के कारण एक समय यह क्षेत्र प्रशासनिक चुनौतियों का केंद्र बन गया था। राज्य गठन के बाद शासन और पुलिस प्रशासन ने यहां अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए। वर्ष 2018 में पुलिस जनसुविधा केंद्र की स्थापना हुई और 1 जनवरी 2020 से थाना कोहकामेटा का पुन: संचालन शुरू किया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और जनविश्वास दोनों मजबूत हुए।मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अबुझमाड़ तेजी से विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है और नया थाना भवन सुरक्षा, सुशासन तथा जनसेवा को और मजबूत करेगा। वहीं पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुडिय़ा ने इसे पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय का केंद्र बताया। बहरहाल, कोहकामेटा का यह नया भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि उस बदलते अबुझमाड़ की पहचान है जो अब विकास की नई इबारत लिख रहा है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

