राजनांदगांव,31 मई (आरएनएस) पतंजलि मेगा स्टोर्स से हजारों रुपये की नकदी पार कर फरार हुआ चोर ज्यादा देर तक पुलिस की नजरों से बच नहीं सका। सीसीटीवी कैमरों में कैद सुराग और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने वारदात के महज कुछ घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी में से 12,887 रुपये बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार 30 मई 2026 को बग्गा होटल के बाजू जीई रोड स्थित पतंजलि मेगा स्टोर्स (आकाश सेल) में सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच अज्ञात युवक पीछे के रास्ते से दुकान में घुसा और गल्ले में रखी लगभग 60 से 65 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। घटना की शिकायत मिलने पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 283/2026 धारा 331(3) एवं 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में टीम ने दुकान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज से मिले अहम सुराग और मुखबिर की सूचना के आधार पर टांकापारा निवासी आदित्य उर्फ हरिया रजक (20 वर्ष), पिता विजय रजक, निवासी वार्ड नंबर 14 टांकापारा, राजनांदगांव को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया और अपने घर से 12,887 रुपये पुलिस को सौंप दिए।पुलिस ने बरामद रकम जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। बहरहाल, इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराध चाहे जितनी चालाकी से किया जाए, पुलिस की पैनी नजर और तकनीकी जांच से बच पाना आसान नहीं ।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

