बलौदाबाजार 31 मई (आरएनएस) जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों की रविवार को पुलिस ने जमकर क्लास लगाई। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर सूचीबद्ध गुंडा-बदमाशों, निगरानीशुदा अपराधियों और असामाजिक तत्वों को थाने बुलाया, उनकी परेड कराई और साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि दोबारा किसी भी अपराध में नाम सामने आया तो सीधे जेल की राह दिखा दी जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकियों में एक साथ यह अभियान चलाया गया। थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के आदतन अपराधियों, हुड़दंगियों और निगरानी बदमाशों को तलब कर उनकी गतिविधियों की गहन पड़ताल की। इस दौरान उनके वर्तमान कामकाज, आय के स्रोत और रहन-सहन की जानकारी जुटाई गई। साथ ही पुलिस रिकॉर्ड और डोजियर को भी अपडेट किया गया।
परेड के दौरान पुलिस अधिकारियों ने अपराधियों को कड़े लहजे में समझाइश दी कि वे अवैध गतिविधियों, मारपीट, धमकी, जुआ-सट्टा और अन्य आपराधिक कृत्यों से दूर रहें। स्पष्ट कर दिया गया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या दोबारा अपराध में शामिल पाए जाने पर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुई इस कार्रवाई से जिले के असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। वहीं आम लोगों ने पुलिस के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए जरूरी बताया है।
बहरहाल, बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने साफ संदेश दे दिया है—जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। सुधर जाएं तो बेहतर, वरना सलाखें उनका इंतजार कर रही हैं।


