नकुल कुमार मंडल
हुगली 31 मई (आरएनएस)। अभी कुछ घंटे पहले सोनारपुर में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर खतरनाक हमला हुआ था। उक्त हमले के 24 घंटे भी नहीं हुए कि, अब टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर कथित तौर पर हमले का आरोप लगा। मिली जानकारी के अनुसार उक्त घटना तब घटी जब कल्याण बनर्जी चंडीतला पुलिस थाने में ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। कल्याण बनर्जी हुगली में विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के खिलाफ ज्ञापन सौंपने के लिए चंडीतला पुलिस थाना जा रहें थे, जहां भीड़ ने उन्हें घेर लिया। और कथित तौर पर मारपीट की। प्रदर्शनकारियों ने सांसद कल्याण बनर्जी का रास्ता रोकते हुए उन्हें काले झंडे दिखाए। तस्वीरों में नजर आया कि कल्याण बनर्जी भीड़ का सामना कर रहे थे। बड़ी संख्या में लोग उनके खिलाफ नारे लगा रहे थे। इस दौरान कथित रूप से उनके सिर पर चोट लगी। वे थोड़ी देर बाद जमीन पर गिर गए। हमले के बाद जमीन पर लेटे कल्याण बनर्जी फोन पर बात करते हुए नजर आए।
आरोप है कि चंडीतला थाने के सामने दूर से कल्याण बनर्जी को निशाना बनाकर पत्थर फेंके गए। एक पत्थर सीधे उनके सिर पर आकर लगा, जिससे वह घायल हो गए। चोट लगते ही सांसद सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।घटना के बाद कल्याण बनर्जी ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मैं किसी को साथ लेकर नहीं आया था। मैं अकेले ही कार्यक्रम स्थल की ओर जा रहा था। चंडीतला मोड़ के पास भाजपा कार्यकर्ताओं ने मेरी ओर कुछ फेंका। वह ड्यूस बॉल थी या कोई अन्य वस्तु, मैं नहीं जानता, लेकिन मेरे सिर से रक्तपात होने लगा। भावुक स्वर में उन्होंने कहा कि अब मुझमें ज्यादा बोलने की ताकत नहीं है। चंडीतला की जनता ही तय करे कि किसी सांसद पर हमला करना क्या उचित है। यह कोई जनाक्रोश नहीं है। कुछ लोग भगवा पट्टी बांधकर तृणमूल कार्यकर्ताओं को पीट रहे थे। कल्याण बनर्जी ने आगे आरोप लगाया कि राज्य भर में भाजपा समर्थकों द्वारा तृणमूल कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि घटनास्थल पर पहुंचने के दौरान एक महिला ने उन्हें बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने तृणमूल समर्थकों की पिटाई की है। हालांकि भाजपा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया और इसे नाटक भी करार दिया । श्रीरामपुर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन घोष ने कहा कि इस घटना से भाजपा का कोई संबंध नहीं है और कल्याण बनर्जी जनता के आक्रोश का शिकार हुए हैं। इस घटना को लेकर राज्य की सियासत में बहस का दौर शुरु हो गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

