लखनऊ 31 मई (आरएनएस ), । चिनहट क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस टीम पूर्वी जोन और थाना चिनहट पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हत्या के मुकदमे में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त अरबाज खान को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अभियुक्त को पकड़कर उसके खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार थाना चिनहट में दर्ज मुकदमा संख्या 157/2026 धारा 103(1), 3(5) और 61(2) बीएनएस के तहत यह मामला 25 मार्च 2026 को दर्ज किया गया था। कल्याणी विहार निवासी दयाशंकर सिंह ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र की पुरानी रंजिश के चलते हत्या कर दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया था।जांच के दौरान पुलिस ने 26 मार्च 2026 को इस मामले में प्रकाश में आए तीन अभियुक्तों अनस खान, आशु निषाद और प्रियांशु गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि घटना में शामिल अरबाज खान फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।लगातार की जा रही निगरानी, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने शनिवार को अरबाज खान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त कल्याणी विहार, कमता, थाना चिनहट का निवासी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अरबाज खान के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध मारपीट, धमकी, चोरी तथा अन्य आपराधिक मामलों में चिनहट थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई को पूर्वी जोन की सर्विलांस टीम और थाना चिनहट पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हत्या सहित गंभीर अपराधों में वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

