रायगढ़ 31 मई (आरएनएस) चार दशक से अधिक समय तक कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले एक पुलिसकर्मी ने आखिरकार वर्दी को सलाम कर सेवा जीवन का अध्याय पूरा कर लिया। रायगढ़ पुलिस परिवार उस समय भावुक हो उठा जब सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) देव प्रसाद चौहान 42 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए। पुलिस लाइन उर्दना में आयोजित सेवा सम्मान समारोह में उन्हें सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई और उनके योगदान को याद किया गया।
एएसआई देव प्रसाद चौहान ने मार्च 1984 में जिला पुलिस बल में आरक्षक के रूप में अपनी सेवा शुरू की थी। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने कुनकुरी, बगीचा, सारंगढ़, कोसीर, धरमजयगढ़, कोतवाली रायगढ़, तमनार, पूंजीपथरा, जूटमिल, कोतरारोड और लैलूंगा सहित कई महत्वपूर्ण थानों में सेवाएं दीं। वर्तमान में वे थाना लैलूंगा में पदस्थ थे और अधिवर्षिकी आयु 62 वर्ष पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्त हुए।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर पहले थाना लैलूंगा में थाना प्रभारी गिरधारी साव और स्टाफ ने उनका सम्मान किया। इसके बाद पुलिस लाइन उर्दना में आयोजित मुख्य समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. प्रकाश मिश्रा और डीएसपी उन्नति ठाकुर ने उन्हें शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में मौजूद परिवारजन और पुलिसकर्मी उस समय भावुक हो गए जब श्री चौहान ने अपने सेवा काल की यादें साझा कीं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। उन्होंने देव प्रसाद चौहान की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और दीर्घायु जीवन की कामना की। ग्राम बंजारी, चौकी अडभार, जिला सक्ती के मूल निवासी श्री चौहान अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और दो पुत्रियों का परिवार छोड़ रहे हैं।
गौरतलब है कि वर्दी उतर सकती है, लेकिन कर्तव्य, ईमानदारी और सेवा की पहचान हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहती है।

