दुर्ग 31 मई (आरएनएस) डीएलएड की परीक्षा देने आई छात्रा की एक्टिवा चोरी कर फरार हुआ शातिर चोर पुलिस के जाल में उस वक्त फंस गया, जब वह चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था। सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर चोरी की 40 हजार रुपये कीमत की होंडा एक्टिवा बरामद कर ली है।
मामला 30 मई 2026 का है। बेमेतरा जिले के ग्राम चोंगीखपरी निवासी प्रियंका निषाद डीएलएड प्रथम वर्ष की परीक्षा देने जेआरडी स्कूल दुर्ग पहुंची थीं। उन्होंने अपनी होंडा एक्टिवा क्रमांक CG 07 CS 3289 स्कूल गेट के पास खड़ी की और परीक्षा देने चली गईं। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह बाहर निकलीं तो उनकी स्कूटी गायब थी। शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 278/26 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बस स्टैंड दुर्ग के पास चोरी की स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभिषेक एम जोशी, पिता स्व. महेंद्र टी. जोशी, उम्र 39 वर्ष, निवासी एचआईजी सेक्टर-06, देवेन्द्र नगर, रायपुर बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने जेआरडी स्कूल के पास से एक्टिवा चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई होंडा एक्टिवा बरामद कर जब्त कर ली। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। बहरहाल, यह कार्रवाई उन वाहन चोरों के लिए कड़ा संदेश है जो आसान कमाई के लालच में कानून को चुनौती देने की कोशिश करते हैं।

