कुरनूल 01 June (Rns) : आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में इंसानियत और बहादुरी की एक दर्दनाक मिसाल देखने को मिली। तुंगभद्रा नदी में फिसलकर गिरी एक नाबालिग लड़की को बचाने के लिए पांच लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी। बच्ची को तो सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन उसे बचाने वाले पांचों लोग तेज बहाव में बह गए। पुलिस के अनुसार, सभी के डूबने की आशंका है और उनकी तलाश जारी है।
जानकारी के मुताबिक,शाम करीब 4:30 बजे मंत्रालयम क्षेत्र में तुंगभद्रा नदी के किनारे यह हादसा हुआ। एक नाबालिग लड़की नदी किनारे पैर धो रही थी, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर नदी में गिर गई। कुछ ही पलों में वह तेज धारा में बहने लगी।
लड़की को बहता देख वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। उसकी जान बचाने के लिए पहले एक व्यक्ति नदी में कूदा, फिर दूसरा और देखते ही देखते कुल पांच लोग बचाव के लिए पानी में उतर गए। काफी प्रयासों के बाद बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन इस दौरान तेज बहाव में पांचों लोग लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे जमा हो गए। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बच्ची की जान बचाने के लिए लोगों ने अपनी जान जोखिम में डाली, वह तो सुरक्षित है, लेकिन पांच परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने बताया कि लापता लोग आसपास के गांवों के निवासी थे। उनकी तलाश के लिए SDRF और अन्य बचाव दलों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

