बिलासपुर 2 जून (आरएनएस) कानून से आंख-मिचौली करने वालों पर पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि वर्षों से फरार आरोपी भी बच नहीं सके, 21 फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, 201 वारंटों और 163 समंसों की तामिली के साथ जिलेभर में चला विशेष अभियान अपराधियों के लिए बड़ा संदेश बनकर सामने आया। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक सुनियोजित और व्यापक अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य न्यायालयों से जारी लंबित वारंटों और समंसों का पालन सुनिश्चित करना, फरार आरोपियों को पकड़ना तथा निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखना था। अभियान के तहत विशेष पुलिस टीमों ने लगातार दबिश दी, संभावित ठिकानों की जांच की और न्यायालयीन आदेशों के पालन को प्राथमिकता देते हुए लंबित मामलों में तेजी दिखाई। कार्रवाई के दौरान 77 गिरफ्तारी वारंट, 85 जमानती वारंट और 39 स्थाई वारंट सहित कुल 201 वारंटों की तामिली की गई। इसके साथ ही 163 समंस भी संबंधित व्यक्तियों तक पहुंचाए गए। विभिन्न मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने केवल फरार अपराधियों तक ही अभियान सीमित नहीं रखा बल्कि 104 निगरानी गुंडों और बदमाशों की भी चेकिंग की, उनकी वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया और आवश्यक कानूनी निर्देश दिए। पूरे अभियान में कुल 489 अलग-अलग कार्रवाइयां दर्ज की गईं, जो जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। बहरहाल, इस सख्त कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि बिलासपुर में कानून से बच निकलना अब आसान नहीं और न्यायालयीन आदेशों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता रहेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

