सिवनी 2 जून (आरएनएस)। पुलिस कंट्रोल रूम सिवनी में सोमवार को सेवानिवृत्त हो रहे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सम्मान में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.) मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान कार्यवाहक उपनिरीक्षक श्री रामेश्वर टेंभरे, कार्यवाहक प्रधान आरक्षक श्री पंचम परते एवं कार्यवाहक प्रधान आरक्षक श्रीराम सिंगौरे को उनके उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त अधिकारियों ने लगभग चार दशकों की अपनी सेवा यात्रा के अनुभव साझा करते हुए भावुक क्षणों को याद किया।
पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी ने कहा कि पुलिस विभाग में इन अधिकारियों का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त साथियों के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा, रक्षित निरीक्षक श्री प्रवीण नायडू, प्रभारी कंट्रोल रूम निरीक्षक श्री ओमेश्वर ठाकरे, सूबेदार श्री जितेंद्र रावतकर, सूबेदार श्री गौरव मर्सकोले सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा सेवानिवृत्त अधिकारियों को शॉल, श्रीफल, पुष्पहार, स्मृति चिह्न एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी ने परिवारजनों के साथ सामूहिक छायाचित्र लेकर यादगार पल साझा किए। सिवनी पुलिस ने सेवानिवृत्त साथियों के योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखमय भविष्य की कामना की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

