बिलासपुर 3 जून (आरएनएस) शहर के व्यस्ततम नेहरू चौक पर बुधवार को होने वाले धरना-प्रदर्शन के चलते यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुबह 11 बजे से विभिन्न प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्सन लागू करने की घोषणा की है। धरना प्रदर्शन दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नेहरू चौक मार्ग, नगर निगम भवन के सामने दोनों लेन तथा इंदिरा सेतु मार्ग पर आयोजित होगा, जिसके कारण इन मार्गों पर आवागमन प्रभावित रहेगा।
पेंड्री हाईकोर्ट मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट
पेंड्री हाईकोर्ट मार्ग से रतनपुर एवं शहर की ओर आने वाले वाहनों को पेंड्रीडीह चौक, गुम्बर पेट्रोल पंप, महाराणा प्रताप चौक और हेमू कालानी चौक से बेयर हाउस रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वाहन चालक बेयर हाउस रोड और मंगला चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
सेंदरी-कोनी मार्ग से शहर आने वालों के लिए डायवर्सन
सेंदरी चौक और कोनी मार्ग से शहर की ओर आने वाले वाहनों को सेंदरी चौक, तुर्काडीह चौक और महामाया चौक से होकर गुजरना होगा। इसके अलावा वाहन चालक महामाया चौक, सीपत चौक, राम सेतु चौक और देवकी नंदन चौक मार्ग का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
सीपत-मोपका क्षेत्र से आने वाले वाहनों के लिए व्यवस्था
सीपत और मोपका क्षेत्र से सरकण्डा होते हुए शहर आने वाले वाहनों को चिल्हाटी चौक, मोपका चौक, बसंत विहार चौक, चाटीडीह चौक और सीपत चौक से होकर वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। यहां से वाहन राम सेतु चौक और देवकी नंदन चौक होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस बिलासपुर ने सभी वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्सन मार्गों का उपयोग करें, यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन बनाए रखने में सहयोग करें।
गौरतलब कुछ घंटों के धरना प्रदर्शन को देखते हुए पूरे शहर में पहले से ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। ऐसे में घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी लेकर ही यात्रा करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।

