नई दिल्ली 03 June (Rns): दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई, गैंगस्टर नेटवर्क और दाऊद इब्राहिम से जुड़े मॉड्यूल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई से आतंकी हुफैजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मुंबई में पिछले कई दिनों से स्पेशल सेल और एटीएस की संयुक्त टीम द्वारा छापेमारी की जा रही थी। इसी अभियान के दौरान हुफैजा को मंगलवार रात गिरफ्तार किया गया। वह कथित तौर पर दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क और आईएसआई एजेंट मुन्ना झिंगाड़ा से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, हुफैजा को कराची से निर्देश मिलते थे और वह उसी के अनुसार काम कर रहा था। वह मुंबई अंडरवर्ल्ड में सक्रिय नेटवर्क का हिस्सा बताया जा रहा है। अब तक इस मॉड्यूल से जुड़े कुल नौ संदिग्धों को दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और पंजाब सहित चार राज्यों से गिरफ्तार किया जा चुका है। पिछले एक महीने से खुफिया इनपुट के आधार पर यह संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और उन्हें किस तरह के टारगेट दिए गए थे।

