कोरबा 15 जुलाई (आरएनएस)। उरगा-बलौदा, सीपत स्टेट हाईवे पर हसदेव नदी कुदुरमाल पुल को क्षतिग्रस्त होने पर 7 महीने पहले बंद कर दिया गया है। इस वजह से भारी वाहनों का दबाव शहर में बढ़ गया है। नया पुल बनाने के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी नहीं मिली। सर्वमंगला तरदा मार्ग से भिलाई खुर्द के बीच 50 करोड़ की लागत से नया पुल का निर्माण कराया जाएगा। इसका टेंडर भी जारी हो गया है। इसके साथ ही सर्वमंगला से पुरानी बस्ती के बीच 13 करोड़ की लागत से लो हाइट पुल भी बनेगा। पीडब्ल्यूडी सेतु निर्माण ने दोनों ही कार्यों के लिए टेंडर भी जारी कर दिया है।
मानसून सीजन के बीच टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने के बाद काम शुरू किया जाएगा। इससे भारी वाहनों का दबाव शहर पर नहीं रहेगा। इसके साथ ही कोरबा और पश्चिम क्षेत्र के लोगों को आवाजाही में सुविधा मिलेगी। पुल की लंबाई 1320 मीटर है। राज्य शासन ने इसके लिए 51 करोड़ 63 लाख 70 हजार रुपए की प्रशासकीय मंजूरी पहले ही दे चुकी है। इसका निर्माण रेलवे पुल के समानांतर होगा। कुसमुंडा, गेवरा, दीपका कोयला खदान से चांपा की ओर जाने वाले भारी वाहन सीधे आवाजाही कर सकेंगे। सर्वमंगला के पास लो हाइट पुल की मंजूरी भी मुख्यमंत्री दे चुके हैं। पुल के बनने के बाद पुरानी बस्ती में सडक का निर्माण भी कराया जाएगा। इसकी भी मंजूरी मिल चुकी है। कोरबा शहर जाने वाले लोगों को रेलवे फाटक या ओवरब्रिज होकर जाना नहीं पड़ेगा। कुदुरमाल पुल 41 साल पुराना है। 1 दिसंबर 2025 को पुल पर 8 इंच का हिस्सा धंसने से सेतु निर्माण ने आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया था, और कोई दूसरा वैकल्पिक मार्ग नहीं होने से भारी वाहन रिंग रोड और शहर के बीच टी.पी. नगर से होकर आवाजाही कर रहे हैं। सर्वमंगला की ओर से कुदुरमाल होते हुए उरगा जाने पर दूरी 12 किलोमीटर पड़ती है।
लेकिन भिलाई खुर्द में पुल बनने के बाद उरगा की दूरी 7 किमी रह जाएगी। यह सडक रिंग रोड को भी जोड़ती है। इस वजह से बालको जाने के लिए भी लोगों को सुविधा होगी। दर्री बराज से बरमपुर नहर रोड के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद वर्क ऑर्डर जारी हो गया है। अहिरन नदी पर पुल भी बनेगा। 83 करोड़ की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। यह सडक इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की सर्वमंगला-कुसमुंडा रोड से जुड़ेगी। इस क्षेत्र के लोग भी पुल से भिलाईखुर्द की ओर आ-जा सकेंगे। हसदेव नदी पर प्रस्तावित पुल के लिए दोनों ओर 1274 मीटर एप्रोच रोड बनेगी। यहां जटराज के लोगों के लिए पुनर्वास स्थल बन रहा है, उसके किनारे पोखरी के बाजू से सडक बनेगी।
यह भिलाईखुर्द बस्ती के पहले मुख्य मार्ग पर जाकर मिलेगी। गौ माता चैक से उरगा के बीच फोरलेन सडक बनाने की प्रक्रिया भी चल रही है। भारतमाला की तर्ज पर बिलासपुर, सीपत, उरगा, हाटी, धरमजयगढ़, पत्थलगांव रायगढ़ को जोडने एक्सप्रेसवे बनेगा। पीडब्ल्यूडी बिलासपुर के अधीक्षण अभियंता को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसका सर्वे होना बाकी है। इसी वजह से कुदुरमाल पुल के लिए शासन ने फंड देने से इंकार कर दिया।
०००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

