भोपाल 03 June (Rns) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील का असर अब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के काफिले में भी दिखाई देने लगा है।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक काफिले में पहली बार इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) शामिल करने का निर्णय लिया है। इसके लिए महिंद्रा की अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक एसयूवी XEV 9e खरीदी गई है, जो बुधवार से मुख्यमंत्री के काफिले का हिस्सा बनेगी।
मुख्यमंत्री बुधवार शाम दिल्ली रवाना होते समय मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर तक इसी इलेक्ट्रिक कार में सफर करेंगे। महिंद्रा के अनुसार यह वाहन एक बार चार्ज होने पर 500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर सकता है।
प्रधानमंत्री की अपील के बाद राज्य सरकार ने वीआईपी काफिलों में वाहनों की संख्या कम करने की पहल की थी। इसका सीधा असर ईंधन खपत पर दिखाई दिया है।
गैरेज सूत्रों के अनुसार अप्रैल 2026 में जहां वीआईपी वाहनों में लगभग 24 हजार लीटर डीजल की खपत हुई थी, वहीं मई में यह घटकर 18 हजार लीटर रह गई। यानी एक माह में करीब 6 हजार लीटर डीजल की बचत दर्ज की गई।

