एंटी करप्शन टीम के कार्य में बाधा डालने पर लेखपालों पर भी केस दर्ज
बस्ती: जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने एक कानूनगो को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के दौरान सरकारी काम में बाधा डालने और टीम का विरोध करने के आरोप में वहां मौजूद लेखपालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। एंटी करप्शन टीम को लंबे समय से सदर तहसील में तैनात कानूनगो अशरफी लाल के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतकर्ता आसमान सिंह निवासी सैफाबाद द्वारा दी गई जानकारी पर जाल बिछाते हुए टीम ने आरोपित को रंगे हाथों पकडऩे की योजना बनाई। आज, जैसे ही कानूनगो ने रिश्वत की दस हजार धनराशि स्वीकार की, एंटी करप्शन के निरीक्षक उदयप्रताप सिंह व उनकी टीम ने उसे धर दबोचा। पीडि़त से धारा 24 के तहत भूमि की पैमाइश के लिए रिश्वत मांगा गया था।
कार्य में बाधा डालने पर सख्त रुख:
गिरफ्तारी की खबर फैलते ही मौके पर मौजूद कुछ लेखपालों ने एंटी करप्शन टीम का विरोध करना शुरू कर दिया। आरोप है कि इन लेखपालों ने टीम के सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की और आरोपी कानूनगो को छुड़ाने का प्रयास किया। टीम ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। इसके बाद, सरकारी कामकाज में हस्तक्षेप करने और बाधा डालने के आरोप में संलिप्त लेखपाल राजेश सिंह व उनके साथियों के खिलाफ भी सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस घटना के संबंध में सीओ सिटी सत्येन्द्र भूषण तिवारी ने बताया कि भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस की नीति अपनाई जा रही है। कानूनगो की गिरफ्तारी के बाद अब आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, टीम के कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और उनके विरुद्ध सख्त विभागीय व कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

