नई दिल्ली ,04 जून ,। अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। पूर्व कप्तान विराट कोहली हैमस्ट्रिंग चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। हाल ही में आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले कोहली की गैरमौजूदगी टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय मानी जा रही है।
चोट के चलते कोहली अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला वनडे 14 जून को धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ और तीसरा मैच 20 जून को चेन्नई में आयोजित होगा।
आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को लगातार दूसरी बार खिताब दिलाने में कोहली ने अहम भूमिका निभाई थी। गुजरात टाइटन्स के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उन्होंने 42 गेंदों पर नाबाद 75 रन की मैच जिताऊ पारी खेली थी।
हालांकि, मैच के अंतिम ओवरों के दौरान कोहली दौड़ते समय असहज नजर आए थे। इसके बावजूद उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा और टीम को जीत दिलाने के बाद ही बाहर गए। फाइनल के बाद हुई मेडिकल जांच में हैमस्ट्रिंग चोट की पुष्टि हुई। हालांकि, चोट की गंभीरता को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
कोहली आईपीएल 2026 में बेहतरीन फॉर्म में थे। उन्होंने 16 मैचों में 675 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 56.25 और स्ट्राइक रेट 165.85 रहा। पूरे सीजन में उनकी बल्लेबाजी आरसीबी की सफलता की प्रमुख वजहों में से एक रही।
अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम : शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

