अंबिकापुर, 04 जून (आरएनएस)। सरगुजा जिले में शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में तीन अलग-अलग मामलों में पकड़े गए वाहन चालकों पर न्यायालय ने कुल 30 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिले में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चला रहे तीन चालकों को पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान स्कूटी क्रमांक सीजी-15-ईएल-1640 के चालक जयप्रकाश, स्कूटी क्रमांक सीजी-29-एजी-7637 के चालक कार्तिक सिंह (21 वर्ष) निवासी भटगांव तथा मोटरसाइकिल चालक पारस कुजूर निवासी मैनपाट के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने तीनों चालकों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित वाहनों को जब्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
माननीय न्यायालय ने तीनों मामलों में 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इस प्रकार कुल 30 हजार रुपये का अर्थदंड वसूल किया गया।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, क्योंकि इससे न केवल उनकी बल्कि अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

