कवर्धा, 04 जून (आरएनएस)। कबीरधाम जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भोरमदेव पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बीयर, अंग्रेजी शराब और बिक्री से प्राप्त नकदी रकम बरामद की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 3 जून 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम चिखली निवासी परमेश्वर साहू अपने घर स्थित दुकान में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब और बीयर की बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ग्राम चिखली में दबिश दी। मौके पर परमेश्वर साहू (33 वर्ष) को दुकान के सामने शराब बेचते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोतल ब्लैक बस्टर बीयर (650 एमएल) और 3 पौवा गोल्डन टच अंग्रेजी शराब (180 एमएल) बरामद हुई। साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 2,140 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पूछताछ के दौरान आरोपी शराब रखने और बेचने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने कुल 8.340 लीटर बीयर एवं अंग्रेजी शराब के साथ नकदी रकम जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 2015 की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की गई है। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

