तेहरान,04 जून। अमेरिकी हमले के जवाब में ईरान की सेना ने बुधवार को कुवैत के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ड्रोन और मिसाइल हमला किया था, जिसका गुरुवार को सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। कुवैत के नागरिक उड्डन महानिदेशालय की ओर से जारी वीडियो में 4 एंगल की सीसीटीवी फुटेज दिखाई गई है। वीडियो में एक घातक ड्रोन तेजी से हवाई अड्डे की टर्मिनल की छत पर गिरता दिख रहा है। इसके बाद जोरदार धमाके के साथ आग का गोला उठ रहा है।
महानिदेशालय ने वीडियो साझा कर लिखा, ‘3 जून, 2026 को कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 को निशाना बनाकर किए गए क्रूर ईरानी ड्रोन हमले के शुरुआती क्षण। एक ऐसा हमला जिसके परिणामस्वरूप जान-माल का नुकसान हुआ, लोगों को गंभीर चोटें आईं और भारी भौतिक क्षति हुई।’ हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हुई है, जिसकी पुष्टि कुवैत में स्थित भारतीय दूतावास ने की है। हमले में हवाई अड्डे के कर्मचारियों और यात्रियों सहित 63 लोग घायल हुए हैं।
ईरानी हमले के बाद हवाई अड्डे से कई उड़ानों को निलंबित कर दिया गया था, जबकि कई उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया था। कुवैत अधिकारियों ने बताया कि नुकसान के आकलन के बाद टर्मिनल-5 से जजीरा एयरवेज की सभी उड़ानें फिर से शुरू कर दी गई हैं। कुवैत सरकार ने हवाई अड्डे के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। उसने कई ईरानी ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करने का दावा किया है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

