मेरठ 4 जून (आरएनएस )। आज विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 05 जून से 21 जून 2026 के मध्य, जनपद में आयोजित होने वाले समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शासन द्वारा निर्धारित तिथिवार कार्यक्रमों के अनुरूप आयोजन सुनिश्चित करने हेतु समस्त कार्यक्रमों का नोडल अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी को नामित किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि समस्त विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में सभी कार्यक्रमों को तिथिवार एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि 05 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस, 08 जून से 14 जून 2026 तक विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम, 11 जून से 14 जून 2026 तक मीडिया संवाद एवं संबोधन, 14 जून से 16 जून 2026 तक जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले, 16 जून से 17 जून 2026 तक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, 17 जून से 20 जून 2026 तक सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर आधारित स्टॉल एवं विकास प्रदर्शनी, 18 जून से 19 जून 2026 तक कृषि कार्यशाला तथा 21 जून 2026 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इसके अतिरिक्त अभियान अवधि में ग्रामीण क्षेत्रों में रात्रि चौपालों का भी आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून 2026 के अवसर पर विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वृक्षारोपण एवं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, एक्सप्रेस-वे, नदी एवं नहरों के किनारे व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाए तथा सिटी फॉरेस्ट विकसित करने पर विशेष बल दिया जाए। स्थानीय एवं पारंपरिक प्रजातियों के साथ-साथ फलदार वृक्षों के रोपण को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिये गये। उन्होंने कहा कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय कार्मिकों के सहयोग से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किये जाएं। समस्त कार्यक्रमों को प्लास्टिक मुक्त रखने के भी निर्देश दिये गये।
जिलाधिकारी ने कहा कि समस्त कार्यक्रम शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में आयोजित किये जाएंगे। विभागीय अधिकारी अपने दायित्वों के अनुरूप समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्तर पर शिथिलता एवं लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, डीएफओ वंदना फोगाट, सीएमओ डा0 राम प्रसाद, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, बीएसए आशा चौधरी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुपम यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

