कुशीनगर, 04 जून (आरएनएस)। जनपद के युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण एवं व्यावसायिक अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना के माध्यम से 21 से 24 वर्ष आयु वर्ग के स्नातक, डिप्लोमा धारक, आईटीआई, इंटरमीडिएट एवं हाईस्कूल उत्तीर्ण युवा ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उक्त जानकारी प्रधानाचार्य राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ने देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत चयनित युवाओं को देश के विभिन्न क्षेत्रों की 500 शीर्ष कंपनियों में इंटर्नशिप करने का अवसर प्रदान किया जाएगा। यह इंटर्नशिप 19 विभिन्न सेक्टरों में उपलब्ध होगी, जिससे युवाओं को उद्योग जगत की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा तथा उनके कौशल विकास में सहायता मिलेगी। योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को इंटर्नशिप अवधि के दौरान प्रति माह न्यूनतम 9,000 की वित्तीय सहायता एक वर्ष तक प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण करने पर 6,000 की एकमुश्त अनुदान राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी। अभ्यर्थी द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर पोर्टल स्वत: बायोडाटा तैयार करेगा। इसके पश्चात संबंधित कंपनियां अपने चयन मानदंड एवं प्रक्रिया के अनुसार योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर इंटर्नशिप हेतु ऑफर प्रदान करेंगी।प्रधानाचार्य ने जनपद के पात्र युवाओं से अपील किया है कि वे इस महत्वपूर्ण योजना का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए समय से आवेदन करें तथा अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाएं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

