कुशीनगर, 04 जून (आरएनएस)। जनपद के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के महुआ बुज़ुर्ग गांव में नाली सफाई और अतिक्रमण की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में 10 से अधिक बार आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। लेकिन आज तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों के अनुसार प्रत्येक बार संबंधित विभाग द्वारा शिकायत का निस्तारण दिखा दिया जाता है। जबकि मौके पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। क्षेत्र के मुख्य चौराहे पर स्थित नाली के ऊपर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण किया गया है। कई दुकानदारों ने नाली के ऊपर सिलापट रखकर उसके ऊपर स्थायी रूप से प्लास्टर और अन्य निर्माण कार्य करा लिए है। जिससे नाली पूरी तरह ढंक गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दुकानदार आज भी अपना सिलापट हटाने को तैयार नहीं हैं। इसके कारण नाली की पूर्ण सफाई नहीं हो पा रही है। सफाई कर्मियों और जेसीबी मशीन को नाली के अंदर तक पहुंचने में कठिनाई होती है। जिससे केवल आंशिक सफाई ही संभव हो पाती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बार-बार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग द्वारा केवल औपचारिकता निभाते हुए सीमित सफाई कर फोटो अपलोड कर शिकायतों का निस्तारण कर दिया जाता है। जबकि नाली के ऊपर अतिक्रमण और गंदगी की मूल समस्या आज भी बरकरार है। नाली की नियमित और पूर्ण सफाई न होने से क्षेत्र में जलभराव, दुर्गंध और जल निकासी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी विकट होने की आशंका है। जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग किया है कि मौके पर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कराया जाए तथा नाली के ऊपर किए गए अतिक्रमण और सिलापट को हटवाकर नाली की पूर्ण सफाई सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे का शीघ्र समाधान आवश्यक है ताकि लोगों को गंदगी और जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

