कुशीनगर, 04 जून (आरएनएस)। जनपद के कसया थाना क्षेत्र के फाजिलनगर रोड स्थित लूना हॉस्पिटल में उपचार के दौरान महिला की मौत के मामले ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राजेश प्रताप बंटी राव ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और मामले में न्याय की मांग उठाई। बताया जाता है कि नगर पालिका परिषद अंबेडकर नगर वार्ड नंबर 4 बरौली के निवासी तसलीम अंसारी की पत्नी का इलाज के दौरान निधन हो गया था। परिजनों ने लूना अस्पताल पर डॉक्टर लापरवाही का आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलने पर बंटी राव ने परिजनों से मुलाकात कर घटना पर दुख व्यक्त किया तथा उच्च अधिकारियों से वार्ता कर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। सपा नेता बंटी राव ने कहा कि यदि जांच में अस्पताल प्रशासन की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि लूना हॉस्पिटल की मनमानी से आम जनता परेशान है और प्रशासन को ऐसे मामलों को गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पीडि़त परिवार को न्याय नहीं मिला और लूना हॉस्पिटल के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की गई तो समाजवादी पार्टी जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। वहीं प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

