—- परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए डीएम ने दिया कड़ा निर्देश।
कुशीनगर, 04 जून (आरएनएस)। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद में उ0प्र0 आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की आगामी लिखित परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी विभिन्न तिथियों में जिले के 05 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अपने संबोधन में कहा कि सभी अधिकारी पूर्व में भी परीक्षाओं का सफल संचालन कर चुके हैं, किन्तु छोटी-सी असावधानी भी बड़ी समस्या का रूप ले सकती है। इसलिए प्रत्येक स्तर पर पूर्ण सतर्कता एवं सावधानी आवश्यक है। उन्होंने निर्देशित किया कि ड्यूटी का सटीक आवंटन, प्रश्नपत्र बॉक्स का सुरक्षित समयबद्ध खोलना, वितरण एवं संकलन की प्रक्रिया तथा प्रश्नपत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पेपर लीक जैसी किसी भी संभावना को रोकने हेतु सभी कारकों पर पैनी निगरानी रखी जाए तथा परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों द्वारा चश्मे अथवा अन्य उपकरणों के माध्यम से किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के प्रयोग की आशंका को ध्यान में रखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कार्मिकों को और अधिक स्मार्ट एवं सजग बनकर कार्य करना होगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षार्थियों की सुविधाओं का पूर्ण ध्यान रखा जाए। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी पाँचों परीक्षा केन्द्रों पर एम्बुलेंस एवं चिकित्सकीय टीम की तैनाती अनिवार्य रूप से की जाए। उन्होंने बताया कि जनपद में एक पाली में 2112 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे तथा कुल लगभग 12 हजार परीक्षार्थी परीक्षा प्रक्रिया में सम्मिलित होंगे। इसके लिए 06 जून को रिहर्सल भी कराया जाएगा। बैठक में उपस्थित पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सभी को अत्यंत सतर्क एवं संवेदनशील रहना होगा, क्योंकि नकल के नए-नए तरीके सामने आ रहे हैं। उन्होंने कक्ष निरीक्षकों की तैनाती, उनकी जांच एवं बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिया। उन्होंने सभी को अलर्ट मोड में रहकर कार्य करने पर बल दिया। अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा भी उपस्थित समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा को पूर्णतया नकलविहीन, शांतिपूर्ण एवं शासन द्वारा निर्गत गाइडलाइंस के अनुरूप सम्पन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गए तथा सभी बारीकियों से अवगत कराया गया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

