रायपुर, 4 जून (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र में करीब 200 एकड़ बेशकीमती जमीन की फर्जी रजिस्ट्री और हड़पने के प्रयास का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम थनौद स्थित विभिन्न खसरों की लगभग 200 एकड़ भूमि राजस्व रिकॉर्ड में केशव अवस्थी के नाम दर्ज थी। आरोप है कि वर्ष 2023 में इस जमीन को अवैध रूप से अपने नाम कराने के लिए एक सुनियोजित साजिश रची गई।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मिर्जा परवेज ने अपने सहयोगियों अब्दुल नईम, आरिफ अली और रोमेश पाण्डेय के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। आरोपियों ने असली भूमि स्वामी के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर फर्जी फोटो, कूटरचित हस्ताक्षर और नकली अंगूठा निशानी का उपयोग किया तथा फर्जी मुख्तियारनामा बनवाकर जमीन की रजिस्ट्री कराने का प्रयास किया।
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि 19 अक्टूबर 2023 को जमीन का एक हिस्सा अब्दुल नईम के नाम और 20 अक्टूबर 2023 को दूसरा हिस्सा मिर्जा परवेज के नाम पंजीकृत कराया गया था। दोनों मामलों में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल के प्रमाण मिले हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने आधार कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर अभनपुर पुलिस ने धारा 420, 467, 468, 470, 471 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों में वसीम हुसैन (33), मोहम्मद खलील (28), अब्दुल नईम (53) और मिर्जा परवेज शामिल हैं। सभी आरोपी रायपुर के संजय नगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि यह मामला करोड़ों रुपये की भूमि से जुड़ा है और इसमें अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर भूमि फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा किया जाएगा।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

