बिजुरी 4 जून (आरएनएस)। नगर के वार्ड क्रमांक 7 स्थित शिव मंदिर, कपिलधारा कॉलोनी में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण व्याख्यान माला इन दिनों श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का केंद्र बनी हुई है। 1 जून 2026 से प्रारंभ हुई इस सात दिवसीय कथा में चित्रकूट धाम से पधारे विद्वान मनीषी आचार्य रमाशंकर जी महाराज अपने श्रीमुख से भागवत कथा का अमृतपान करा रहे हैं।
कथा के दौरान आचार्य रमाशंकर जी महाराज भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, धर्म, भक्ति, ज्ञान और वैराग्य के गूढ़ रहस्यों का सरल एवं भावपूर्ण वर्णन कर रहे हैं। उनकी ओजस्वी वाणी, मधुर प्रवचन शैली और मार्मिक प्रसंगों की प्रस्तुति से कथा पंडाल में उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो रहे हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चे कथा श्रवण कर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
कथा आयोजन स्थल पर भक्ति और श्रद्धा का ऐसा वातावरण निर्मित हो गया है कि पूरा क्षेत्र हरिनाम संकीर्तन, भजन और धार्मिक जयघोषों से गुंजायमान है। कथा के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों, पारिवारिक संस्कारों तथा सनातन धर्म की गौरवशाली परंपराओं का संदेश भी दिया जा रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार कथा के क्रम में आज भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर आकर्षक झांकी, भजन-कीर्तन तथा विशेष पूजन-अर्चन का कार्यक्रम आयोजित होगा। श्रद्धालु मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का उत्साहपूर्वक उत्सव मनाएंगे।
समिति ने बताया कि 7 जून 2026 को श्रीमद्भागवत कथा का समापन होगा, जबकि 8 जून को पूर्णाहुति एवं विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। महाभंडारे में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के प्रसाद ग्रहण करने की संभावना है।
शिव मंदिर समिति, कपिलधारा कॉलोनी ने समस्त नगरवासियों एवं सनातन धर्मावलंबियों से कथा, पूर्णाहुति और महाभंडारे में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करने तथा आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
धार्मिक आस्था, भक्ति और संस्कारों से परिपूर्ण यह आयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार कर रहा है तथा श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति से जोडऩे का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

