अंबिकापुर, 04 जून (आरएनएस)। सरगुजा जिले के जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो युवक और एक कबाड़ी दुकान संचालक शामिल है। सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 मई 2026 को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के प्रभारी जीवन यादव ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 मई की रात अज्ञात चोरों ने राजीव भवन परिसर में लगे करीब 73 पीतल के नल, पाइपलाइन सामग्री, कमोड फ्लश और वॉश बेसिन में तोडफ़ोड़ कर लगभग 25 हजार रुपये की सामग्री चोरी कर ली थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात में शिवदास और विष्णु यादव शामिल हैं। पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने कांग्रेस कार्यालय से नल की टोंटियां चोरी कर अग्रसेन चौक स्थित एक कबाड़ी दुकान में मात्र 500 रुपये में बेचने की बात स्वीकार की।
पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कबाड़ी दुकान संचालक श्याम अग्रवाल को भी हिरासत में लिया। उसने चोरी का सामान खरीदना स्वीकार किया, लेकिन आगे किसे बेचा इसकी जानकारी नहीं दे सका। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की बिक्री से प्राप्त 500 रुपये भी जब्त कर लिए हैं।
जांच में चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त और साक्ष्य छिपाने के आरोप प्रमाणित होने पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में शिवदास (19), विष्णु यादव (19) और कबाड़ी संचालक श्याम अग्रवाल (42) शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह तथा आरक्षक लालबाबू सिंह और अमित विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

